Weather Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून ने जोर पकड़ लिया है और कई क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर मूसलधार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 30 जून तक देश के 16 राज्यों में भारी वर्षा की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां पहले से ही जलभराव या भूस्खलन जैसी स्थिति बनी हुई है।
देशभर में एक्टिव हुआ मानसून
भारत में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 30 जून के बीच कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। राजधानी दिल्ली को छोड़ अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है और दिल्ली में भी अगले दो दिनों में मानसून की दस्तक की संभावना है।
किस राज्य में पहुंचा मानसून?
आईएमडी के मुताबिक, मानसून ने हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब के कुछ इलाके, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर को कवर कर लिया है। मानसून की उत्तर सीमा अब बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, आगरा, रामपुर, बिजनौर, करनाल और हलवारा तक पहुंच चुकी है। अगले 36 घंटों में यह राजस्थान, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के बाकी क्षेत्रों में भी फैल सकता है।
#WATCH | Surat, Gujarat: After heavy rain, the municipal corporation sets up shelter homes and deploys medical teams in water-logging-prone areas. pic.twitter.com/Nc9F9ZBX0I
— ANI (@ANI) June 25, 2025
गुजरात में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
गुजरात के सूरत शहर में बीते 24 घंटों में 100 मिमी से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों पर जलभराव के चलते ट्रैफिक बाधित हो गया है और कुछ हाईवे भी प्रभावित हुए हैं। 4–5 हाउसिंग सोसाइटियों में पानी भर गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। 27 जून तक भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में भी मानसून हुआ सक्रिय
राजस्थान के कई जिलों में मानसून की जोरदार शुरुआत हो चुकी है। बारां जिले के मांगरोल में बीते 24 घंटे में सबसे अधिक 180 मिमी वर्षा हुई है। इससे कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और उदयपुर में 25 से 27 जून के बीच भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 27 जून के बाद पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर में बारिश बनी चिंता की वजह
उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और निचले इलाकों में पानी भरने की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी लगातार बारिश से भूस्खलन और जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
किन राज्यों में जारी किया गया Weather Alert ?
भारतीय मौसम विभाग ने 16 राज्यों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, असम, मणिपुर, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- Monsoon 2025 Update: मानसून की जोरदार एंट्री, कई राज्यों में बारिश का हाई अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी और सुझाव
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासतौर पर नदियों और जल स्रोतों के किनारे जाने से बचें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। राहत और बचाव टीमें हाई अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Weather Alert अगले कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण
30 जून तक देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। बारिश के चलते कुछ इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में सभी को मौसम अपडेट्स पर नजर रखने और जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी जाती है।